बूंदी में कार्यवाहक जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आवश्यक सेवाओं संबंधी साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में पेयजल, बिजली आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर मीणा ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आमजन की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत ट्यूबवेलों को प्राथमिकता के आधार पर बिजली कनेक्शन जारी किए जाएं। साथ ही, जिलेभर में खराब पड़े हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए ताकि गर्मियों में पेयजल संबंधी समस्याओं से बचा जा सके। खरीद प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की बैठक में समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीद प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर किसानों को आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। खरीद एजेंसियां आपसी समन्वय से खरीद प्रक्रिया को सुगम और व्यवस्थित बनाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाना, पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। जींस की खरीद केवल टोकन व्यवस्था से की जाए और उसका तुरंत उठाव सुनिश्चित हो। परिवहन व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। हीटवेव की आशंका को लेकर भी निर्देश हीटवेव की आशंका को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। इसमें ओआरएस घोल, कूलर, शुद्ध पेयजल, छाया और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, चिकित्सा संस्थानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने सभी विभागों को बजट घोषणाओं को शीघ्र धरातल पर लागू करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मियों में संभावित लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए कार्य योजना बनाने को भी कहा। इसके अलावा सांसद एवं विधायक कोष के अप्रारंभ कार्यों को तुरंत शुरू करवाने और पूर्ण हो चुके कार्यों के कार्य पूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र आवश्यक रूप से भिजवाने के निर्देश दिए गए।