बूंदी जिले के देई, देवपुरा, मखीदा और बहडावली में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुए। इन शिविरों में सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाकर लोगों की समस्याओं का तुरंत निवारण किया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। शिविरों में बिजली एनओसी, ऋण, पशु बीमा और पेंशन जैसी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। देई में स्थानीय निवासी रामपाल गोयल को शिविर की जानकारी मिली। उन्होंने शिविर में बिजली की एनओसी के लिए आवेदन किया। आमतौर पर इस प्रक्रिया में कई चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन नगरपालिका प्रशासन ने उसी दिन रामपाल को बिजली की एनओसी प्रदान कर दी। बहडावली गांव की चंद्रकला को गाय की अचानक मौत होने पर 'मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना' के तहत 40,000 रुपए की सहायता राशि दी गई। ग्राम पंचायत मखीदा में लगे ग्रामीण सेवा शिविर में एक बुजुर्ग की निरस्त हो चुकी वृद्धावस्था पेंशन का मौके पर ही सत्यापन कर उसे पुनः चालू करवाया गया।