बूंदी के नैनवां में बुधवार को भगवान आदिनाथ और पार्श्वनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नेमिनाथ तीर्थ क्षेत्र, जयपुर रोड से शुरू हुई और गणिनी आर्यिका विशेष मति माताजी के सानिध्य में गाजे-बाजे के साथ आगे बढ़ी। शोभायात्रा में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। भक्तों के लिए पेयजल और जूस की व्यवस्था भी की गई, जिससे उनका स्वागत-सम्मान किया जा सके। यात्रा का मुख्य आकर्षण चार सुसज्जित बग्गियां थीं, जिनमें भगवान आदिनाथ, मुनिसुव्रतनाथ और पार्श्वनाथ की प्रतिमाएं विराजमान थीं। भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा को भव्यता प्रदान की। विभिन्न स्थानों पर महिला मंडलों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बनाया। शोभायात्रा गढ़पोल दरवाजा और दपोला मार्ग से होते हुए चंदा प्रभु नसिया पहुंची। यहां पंडित नरेंद्र जी शास्त्री के सानिध्य में बोलियों के माध्यम से भगवान का अभिषेक और शांतिधारा कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान धर्म प्रभावना का वातावरण देखा गया। इस कार्यक्रम की जानकारी दिगंबर जैन समाज के प्रवक्ता महावीर सरावगी ने दी। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां