बूंदी के नैनवां में जीवों के प्रति दया और प्रकृति संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से 'परिंडा अभियान' की शुरुआत की गई है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान खण्ड नैनवा द्वारा सोमवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) कार्यालय में यह अभियान प्रारंभ किया गया। खण्ड अध्यक्ष पंकज जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सीबीईओ ओपी बुनकर से मुलाकात की। इस दौरान महासंघ द्वारा प्रकाशित नया कैलेंडर भेंट किया गया और शिक्षक संघ के राष्ट्रीय संगठन के नाम परिवर्तन की जानकारी दी गई। खण्ड मंत्री देवराज गुर्जर ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि तीन दर्जन से अधिक स्कूलों में जुलाई से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का भुगतान लंबित है, वहीं पीडी हेड के बिलों का भुगतान भी नहीं हुआ है। इस पर सीबीईओ ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जबकि कुछ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अभियान की औपचारिक शुरुआत सीबीईओ कार्यालय परिसर में परिंडे लगाकर की गई। सीबीईओ ओपी बुनकर और एसीबीईओ अनिल गोयल ने इस पहल की सराहना की। अभियान के तहत एक सप्ताह में स्कूलों, कार्यालयों और घरों में कुल 251 परिंडे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मौके पर ही शिक्षकों को 121 परिंडे वितरित किए गए। अगले सप्ताह इतने ही मिट्टी के परिंडे और वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक राजकीय स्कूल में विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़कर परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला उपसभाध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम मीणा, नैनवां सभाध्यक्ष कन्हैयालाल चोपदार, उपसभाध्यक्ष दुर्गाशंकर मीणा, उपाध्यक्ष कालूलाल गुर्जर, महिला मंत्री निर्मला जायसवाल, कोषाध्यक्ष धोलूलाल मीणा सहित महेंद्र शर्मा, महावीर पोटर, मस्तराम मीणा, किशनलाल कहार, रामावतार गुर्जर, रामदेव गुर्जर, भेरूलाल मीणा, प्रवीण जैन, अरविंद वर्मा, देवलाल गुर्जर, संजय नोगिया, मोहन जायसवाल, बंटी बलाई, विनोद गुर्जर, झुंझार गोदारा, अनिता मीणा समेत 50 से अधिक शिक्षक मौजूद रहे। कंटेंट : अश्विनी शर्मा नैनवां