बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने बूंदी नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें शिविर में कई कमियां मिलीं। विधायक शर्मा ने इस अभियान को 'पूर्णतया विफल' बताया। शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने बिना पर्याप्त तैयारी के जल्दबाजी में यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के अभियानों में जैसी तैयारी होती थी, वैसी वर्तमान में नहीं दिख रही। अधिकारियों को भी परेशानी हो रही है और केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अभियान को बंद करने की दी सलाह उन्होंने बताया कि पिछली सरकार में लाखों पट्टे दिए गए थे, जबकि वर्तमान अभियान में सैकड़ों की संख्या भी पार नहीं हुई है। विधायक ने सरकार को बिना तैयारी के चल रहे इस अभियान को बंद करने की सलाह दी। विधायक शर्मा के शिविर में पहुंचते ही, कई आवेदनकर्ताओं ने अपने काम नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने विधायक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे। इस पर विधायक शर्मा ने नगर परिषद आयुक्त को तत्काल इन कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। विधायक ने आयुक्त को दिए निर्देश विधायक शर्मा ने आयुक्त से शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित आंकड़े भी मांगे। उन्होंने आयुक्त को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी पट्टों और अन्य कार्यों के आवेदनों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। आयुक्त ने विधायक शर्मा को आश्वासन दिया कि नियमानुसार प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, समाजसेवी संजय शर्मा और विशाल शर्मा भी विधायक के साथ मौजूद रहे।