कोटा ग्रामीण पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन डस्टिंग' के तहत कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपए के इनामी हार्डकोर अपराधी प्रभाकर को झालावाड़ जिले के रायपुर रोड से गिरफ्तार किया है। प्रभाकर जानलेवा हमला मामले में पिछले करीब ढाई माह से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि प्रभाकर रामगंजमंडी थाना क्षेत्र में 9 मई 2026 को हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। घटना के बाद से आरोपी कोटा, झालावाड़, रावतभाटा, जयपुर और मध्य प्रदेश में लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश के लिए साइबर सेल और रामगंजमंडी थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को उसके झालावाड़ के रायपुर रोड पर होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी प्रभाकर के खिलाफ पूर्व में भी करीब 2 दर्जन आपराधिक मामले विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं।