अंतरराष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन अभियान के तहत बूंदी जिले में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में ये शिविर आयोजित हो रहे हैं, जिनका उद्देश्य जिले में योगमय वातावरण बनाना है। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के मार्गदर्शन में बुधवार को गोठड़ा स्थित आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल और एकलव्य एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स में विशेष योग एवं स्वास्थ्य संवर्धन सत्र आयोजित किए गए। आयुर्वेद विभाग के पीएमओ और समन्वयक डॉ. सुनील कुशवाह के निर्देशन में संचालित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने योग को अपनाकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली जीने का संकल्प लिया। गोठड़ा स्थित आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में "बाल स्वास्थ्य उत्थान कार्यशाला" का आयोजन हुआ। इसमें योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने विद्यार्थियों को सामान्य योगाभ्यास, विभिन्न प्राणायाम और चालन क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग दिवस के महत्व, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। भूपेन्द्र योगी ने बताया कि योग विद्यार्थी जीवन में आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर प्रिंसिपल गजेन्द्र सिंह सोलंकी, शारीरिक शिक्षक किरण सिंह हाड़ा और नेहरू युवा मंडल अध्यक्ष भगवान नाथ ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में एकलव्य एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स में आयोजित विशेष योग एवं स्वास्थ्य संवर्धन सत्र में योग गुरु दीपक गुर्जर ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम और ॐ शांति पाठ का प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया। योगाभ्यास के दौरान वातावरण ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मक चेतना से परिपूर्ण था। प्रिंसिपल श्रद्धा लोहिया ने आभार व्यक्त किया। कोच अजय सैनी और दीपेश गुर्जर ने सभी को नियमित योग, प्राणायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। ये विशेष कार्यशालाएं जिलेभर में स्वास्थ्य चेतना, सकारात्मक जीवनशैली और भारतीय योग परंपरा के प्रति जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।