भास्कर संवाददाता| टोंक जयपुर से भीलवाड़ा नकदी लेकर जा रही एचडीएफसी की कैश वैन में गुरुवार को दिन में हाइवे पर आग लगने के बाद नकदी रखे तीन बक्सों को जयपुर से आई दूसरी वैन में रखकर भीलवाड़ा भेजा गया। यह कैश करीब ढाई घंटे तक निवाई की ब्रांच में रखा गया था। बैंक ने चेस्ट ब्रांच से नकदी को दूसरी ब्रांच में शिफ्ट करने का काम वैंडर (ठेके पर) को दे रखा है। बैंक सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को करीब दस बजे वैन तीन बॉक्स में रखी नकदी को लेकर भीलवाड़ा के लिए रवाना हुई थी। हाइवे पर निवाई में झिलाय पुलिया (रेलवे ओवर ब्रिज) पर शॉर्ट सर्किट होने से इंजन में आग लग गई थी। धुआं उठता देख तीन गार्ड सहित बैंक कर्मी और चालक वैन से बाहर कूद गए, जिससे वे सुरक्षित बच गए। वैन पूरी तरह आग पकड़ती उससे पहले तीनों बॉक्स भी बाहर निकाल लिए गए थे। मौके पर पहुंचे निवाई एचडीएफसी ब्रांच के अधिकारियों ने यह बॉक्स ब्रांच में रखवा लिए थे। सूत्रों के मुताबिक,तत्काल ही घटनाक्रम की जानकारी जयपुर दे दी गई थी।