डीग के नगर रोड स्थित श्रीराम गैस एजेंसी को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं को हुई असुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। जिला रसद अधिकारी के अनुसार श्रीराम गैस एजेंसी के सभी पंजीकृत उपभोक्ताओं को अब डीग की रामेश्वर भारत गैस एजेंसी से अस्थायी रूप से जोड़ा गया है। उपभोक्ता अपनी सभी गैस संबंधी सेवाएं इसी एजेंसी से प्राप्त कर सकेंगे। 'गैस आपूर्ति में नहीं होगी कमी' प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम की स्थिति में न आएं और धैर्य बनाए रखें। बताया गया है कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा पहले से कराई गई गैस सिलेंडर बुकिंग को कंपनी स्तर पर निरस्त कर दिया गया है। ऐसे उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपनी बुकिंग पुनः करानी होगी। संयम बरतने और सहयोग करने की अपील नई बुकिंग के बाद सिलेंडरों की आपूर्ति 'फर्स्ट इन फर्स्ट आउट' (FIFO) प्रणाली के आधार पर की जाएगी। इसका अर्थ है कि जो उपभोक्ता पहले बुकिंग करेगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन ने यह भी सूचित किया है कि व्यवस्था में बदलाव के कारण गैस आपूर्ति में एक से दो दिन का अतिरिक्त समय लग सकता है। उपभोक्ताओं से संयम बरतने और सहयोग करने का आग्रह किया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि यह वैकल्पिक व्यवस्था उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।