ब्रह्मर्षि खेतेश्वर वेद विज्ञान गुरुकुल, मवडी में रविवार शाम को वार्षिकोत्सव 'धरोहर 2026' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन और दीपोत्सव के साथ हुई। कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि वेदों ने सदैव हमारी सभ्यता और संस्कारों का संरक्षण किया है। राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि वेदों में ज्ञान का अथाह सागर है, जिसके बल पर भारत ने विश्व में सम्मान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई बार वेदों और संस्कृति को नष्ट करने के प्रयास हुए, लेकिन भारतीय संस्कृति हर चुनौती के बाद और अधिक सशक्त होकर उभरी है। राज्यपाल ने नई पीढ़ी से वैदिक परंपराओं, भारतीय संस्कारों और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गुरुकुल के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए।