भारत ने पाकिस्तान के विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगी रोक को 24 मई तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान ने भी मंगलवार को अपने हवाई क्षेत्र की बंदी 24 मई तक बढ़ा दी थी। इस फैसले के बाद पाकिस्तान के विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र एक साल से ज्यादा समय से बंद रहेगा। यह प्रतिबंध 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के कुछ दिनों बाद लगाया गया था। भारत ने 30 अप्रैल 2025 से यह प्रतिबंध लागू किया था, जबकि पाकिस्तान ने 24 अप्रैल 2025 से भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद किया था। आज की अन्य बड़ी खबरें… RBI 500 के पुराने नोट बदले, बॉम्बे हाईकोर्ट का आदेश बॉम्बे हाईकोर्ट ने RBI को आदेश दिया है कि वह व्यक्ति के 2 लाख रुपए के पुराने 500 के नोट बदलकर दे। ये नोट नोटबंदी के दौरान पुलिस ने जब्त कर लिए थे और बाद में समय सीमा खत्म होने के बाद वापस किए गए थे। कोर्ट ने कहा कि इसमें व्यक्ति की कोई गलती नहीं थी, क्योंकि नोट समय सीमा से पहले ही पुलिस के पास चले गए थे और वहीं रखे रहे। RBI को यह निर्देश गिरीश मलानी की याचिका पर दिया गया। अपनी याचिका में मलानी ने बताया कि वह 1 दिसंबर 2016 को 500 रुपये के नोट (कुल 2 लाख रुपए) लेकर महूर जा रहे थे। तभी पुलिस ने यह रकम जब्त कर ली। ये नोट 31 दिसंबर 2016 को मलानी को वापस कर दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट से अमित जोगी को अंतरिम राहत, उम्रकैद पर लगी रोक सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को अंतरिम राहत दी है। 2003 के एनसीपी नेता राम अवतार जग्गी हत्याकांड में उनकी उम्रकैद और सरेंडर करने के आदेश पर रोक लगा दी है। हाईकोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसी फैसले को उसने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। पूरी खबर पढ़ें महाराष्ट्र के बारामती-राहुरी और गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा लड़ रही हैं चुनाव महाराष्ट्र के बारामती- राहुरी और गुजरात के उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। महाराष्ट्र के बारामती और राहुरी में सुबह 11 बजे तक 20.55% और 18.22% मतदान दर्ज किया गया। वहीं गुजरात के उमरेठ में 25.65% मतदान हुआ। सुबह 9 बजे तक बारामती और राहुरी में 8.01% और 6.39% मतदान हुआ था, जबकि उमरेठ में इस समय तक 10% मतदान दर्ज किया गया। बारामती विधानसभा सीट, जो एनसीपी नेता अजित पवार का गढ़ मानी जाती थी, उनके निधन के बाद खाली हो गई। राहुरी सीट भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के पिछले साल अक्टूबर में निधन के बाद खाली हुई। वहीं, गुजरात के आनंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट भाजपा नेता गोविंद परमार के मार्च 2026 में निधन के बाद खाली हुई। महाराष्ट्र सहकारी बैंक घोटाले में NCP (SP) नेता रोहित पवार बरी; PMLA के तहत हो रही थी जांच PMLA की एक विशेष अदालत ने गुरुवार को महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक (MSCB) घोटाले के मामले में एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार और कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री रंजीत देशमुख समेत कई अन्य नेताओं को बरी कर दिया है। यह मामला 2015 का है, जब सुरेंद्र मोहन अरोड़ा ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि बैंक अधिकारियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं ने मिलकर महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं कीं, जिससे सार्वजनिक धन का दुरुपयोग हुआ। महाराष्ट्र के भिवंडी में ट्रेन- प्लेटफॅार्म के बीच फंसने से युवती की मौत, शादी से लौट रही थी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गैप में गिरने से युवती की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, युवती ट्रैन और प्लेटफॅार्म के बीच फंस गई थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॅाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सूरत की रहने वाली जिनिशा खंडेलवाल के रूप में हुई है। वह पुणे से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही थीं। नासिक TCS में यौन शोषण-धर्मांतरण केस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर को राहत नहीं महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस से जुड़े जबरन धर्मांतरण मामले में आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर दानिश शेख को कोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिली। 31 वर्षीय शेख ने एक केस में गिरफ्तारी से बचाव के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी। इस मामले में एक अन्य केस में वह पहले से पुलिस हिरासत में है। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए 27 अप्रैल तक जवाब मांगा है। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में आतंकी साजिश में 7 को 7 साल की सजा बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में आतंकी साजिश रचने के मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने 7 दोषियों को 7 साल की कठोर सजा सुनाई है। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का मास्टरमाइंड टी. नसीर भी शामिल है। सभी पर 48-48 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। जांच में सामने आया कि 2023 में जेल के अंदर कैदियों को कट्टरपंथ की ओर भड़काया जा रहा था। कर्नाटक के बेंगलुरु में 410 करोड़ रुपए के GST घोटाले का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 1 गिरफ्तार कर्नाटक के बेंगलुरु में 410 करोड़ रुपए के GST घोटाले का खुलासा हुआ है। कमर्शियल टैक्स विभाग ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी ITC नेटवर्क चलाने में शामिल था। जीएसटी विभाग की एन्फोर्समेंट विंग (साउथ जोन) ने मोहम्मद तौकीर (42) को उस समय पकड़ा, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। जांच में सामने आया कि मोहम्मद तौकीर फर्जी कंपनियां बनाकर बड़े स्तर पर नकली इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लेनदेन कर रहा था। उसे आर्थिक अपराधों की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव के दौरान अब तक 1000 करोड़ की जब्ती चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव के दौरान नकदी, शराब, ड्रग्स और फ्रीबीज की जब्ती 1000 करोड़ रुपए के पार पहुंच गई है। 26 फरवरी से अब तक कुल 1072.13 करोड़ रुपए की जब्ती की गई है। जब्त सामग्री में 127.67 करोड़ रुपए नकद, करीब 41 हजार लीटर शराब (106.3 करोड़), लगभग 184 करोड़ के ड्रग्स और 215 करोड़ के सोना-चांदी शामिल हैं। इसके अलावा 418 करोड़ रुपए के फ्रीबीज भी बरामद किए गए हैं। यूपी के सुल्तानपुर में राहुल गांधी पर मानहानि केस में फैसला 2 मई तक सुरक्षित यूपी के सुल्तानपुर में मानहानि केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर सुनवाई पूरी हो गई है। एमपी-एमएलए कोर्ट ने फैसला 2 मई तक सुरक्षित रख लिया है। यह मामला 2018 दिए गए राहुल गांधी के एक कथित बयान से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार उन्होंने एक जनसभा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।