भास्कर न्यूज | बाड़मेर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शनिवार को पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण का बाड़मेर जिला मुख्यालय पर सीधा प्रसारण किया गया। राजकीय महाविद्यालय में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम को रोजगार उत्सव के रूप में मनाया गया, जहां विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित जिले के 1180 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान अतिथियों ने 16 युवाओं को सांकेतिक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने इस रिफाइनरी को क्षेत्र के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बाड़मेर और बालोतरा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के ढेरों अवसर मिलेंगे। इससे न केवल युवाओं का पलायन रुकेगा, बल्कि पश्चिमी राजस्थान का सामाजिक और आर्थिक विकास भी तेजी से होगा।