बूंदी जिले में एक हादसे में 5 दिन से घायल व्यक्ति की मौत हो गई। लाखेरी निवासी महावीर प्रसाद नायक (45) पुत्र गोपाल नायक बूंदी के दईखेड़ा थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे खेत पर काम करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गेता माखीदा स्थित चंबल पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महावीर प्रसाद को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल में इलाज के दौरान महावीर प्रसाद ने 30 अप्रैल की रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को किया डिटेन वहीं हादसे की सूचना मिलने पर दईखेड़ा थाना पुलिस कोटा पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की मौजूदगी में शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जा रही है। मृतक के बेटे ने बताया- मेरे पिता महावीर प्रसाद टेम्पो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। साथ ही खेती का कार्य भी करते थे। घटना वाले दिन वे खेत से वापस घर लाखेरी आ रहे थे। दईखेड़ा थाने के एएसआई कन्हैयालाल ने बताया- ट्रक ड्राइवर को डिटेन कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।