जमीनी विवाद में ससुर ने अपनी बहू के सिर में कुल्हाड़ी मार दी। लूहलुहान बहू जान बचाने पड़ोसी के घर में घुस गई। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। घटना बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के छपावदा गांव की है। डीएसपी राजेश टेलर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बाड़े में झगड़े के बाद किया हमला पीड़िता के पति सत्यनारायण ने बताया कि परिवार की जमीन पहले ही अलग-अलग बंट चुकी है। पशु बांधने के लिए बने बाड़े का भी दोनों पक्षों में आधा-आधा हिस्सा तय है। उनकी पत्नी अनोख बाई (45) मंगलवार को बाड़े में सफाई कर रही थी। इसी दौरान मेरे पिता वहां आए और विवाद शुरू हो गया। पिता ने गुस्से में आकर मेरी पत्नी के सिर में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जमीन को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा है। कई बार समझाइश की कोशिश की लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला बाड़े में बैठी नजर आ रही है। बुजुर्ग व्यक्ति उससे बात कर रहा है। कुछ देर बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ जाती है। इसके बाद बुजुर्ग कुल्हाड़ी उठाकर महिला के सिर पर वार कर देता है।