बूंदी के करवर केशवराय पाटन से विधायक सीएल प्रेमी ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसें चलाने की मांग की है। उन्होंने आवागमन के साधनों में बढ़ोतरी के लिए उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा को एक लेटर भेजा है। विधायक प्रेमी ने अपने लेटर में बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र केशोरायपाटन के ग्रामीण इलाकों में कई रूटों पर बसों की कमी है। इसके अतिरिक्त कई बंद की गई बस सेवाएं अभी तक दोबारा शुरू नहीं की गई हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बूंदी से इंद्रगढ़, जरखोदा, बामनगांव, नैनवां होते हुए जयपुर तक बस चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से आसपास के लगभग 30 गांवों के लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। विधायक ने इंद्रगढ़ करवर से पीपरवाला, खजूरा, खजूरी, बावड़ी होते हुए देई तक, इंद्रगढ़ एवं करवर से बूंदी वाया तलवास, जैतपुर तक बसें चलाने का सुझाव दिया। इसके अलावा करवर से देई वाया आंतरदा, खेड़ी, सहण जैसे प्रमुख रूटों पर भी रोडवेज बस सेवा संचालित करने की मांग की गई है। चाणदा ढीपरी वाया इंद्रगढ़, सुमेरगंजमंडी चाणदा ढीपरी में भी बस चलाने की आवश्यकता बताई गई है। वर्तमान में इस रूट पर कोई बस सेवा संचालित नहीं है, जबकि पहले यह सेवा उपलब्ध थी। इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से चाणदाखुर्द, दौलतपुरा, नवलपुरा और सुमेरगंजमंडी के ग्रामीणों को काफी सुविधा होगी। विधायक प्रेमी ने यह भी सुझाव दिया कि बांरा डिपो की जयपुर जाने वाली बसें, जो इंद्रगढ़ से सौंप होकर उनियारा जाती हैं, उन्हें इंद्रगढ़ से करवर, समीधी होकर उनियारा निकाला जाए। इससे यात्रा की दूरी कम होगी और 5 पंचायतों के लगभग 30 गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। कटेंट: आरेन रशीद करवर