बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों को आ रही समस्याओं पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि धान के खेतों में बोए गए गेहूं के काले पड़ने और बेमौसम बारिश से रंग खराब होने की समस्या हमेशा से रही है, जिसकी जानकारी सरकार को पहले से है। इसके बावजूद किसानों को गेहूं तुलवाने के लिए तारीखें दे दी गईं और वे केंद्र पर पहुंच गए, जहां उन्हें इन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विधायक शर्मा ने कहा कि वर्षा के कारण भी गेहूं का रंग खराब हुआ है। उनके विधानसभा क्षेत्र सहित बूंदी जिले के कई किसानों ने उन्हें फोन पर इन समस्याओं से अवगत कराया है। इन समस्याओं के समाधान के लिए विधायक शर्मा ने कोटा संभागीय आयुक्त, बूंदी के अतिरिक्त जिला कलेक्टर और सहकारी समिति बूंदी के प्रशासनिक अधिकारी से फोन पर बात की। कोटा संभागीय आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि एक-दो दिन के भीतर केंद्र सरकार से इस समस्या के समाधान के आदेश जारी होने की पूरी संभावना है। इसके तुरंत बाद सभी किसानों का इस प्रकार का गेहूं खरीद लिया जाएगा। विधायक शर्मा ने बताया कि उन्होंने पहले भी राजस्थान के मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इन समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया था। बूंदी जिला कलेक्टर ने भी इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, राजस्थान सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है। खाद्य आपूर्ति विभाग और राजफेड संस्था को भी इस समस्या की जानकारी है। मेरा केंद्र सरकार से अनुरोध कि इस प्रकार की समस्या हर वर्ष उत्पन्न होती है। इसलिए इस समस्या के समाधान हेतु स्थाई आदेश प्रदान करें और शीघ्र इस समस्या का समाधान कर किसानों को दी गई तारीख में उनके गेहूं को खरीदा जाएं और गेहूं के कलर और गुणवत्ता में आई कमी का भी उचित मूल्य शीघ्र प्रदान करने की व्यवस्था करें। साथ ही शर्मा ने यह भी कहा है की जिनको आज और कल की तारीख गेहूं तुलवाने के लिए दी गई थी और आदेश के अभाव में उनको अपने गेहूं वापस ले जाने पड़े उन सभी किसानों के गेहूं आदेश आने के बाद प्राथमिकता से खरीदे जाएं।