बूंदी के तालेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जमीतपुरा में सोमवार देर शाम आयोजित रात्रि चौपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालेड़ा एसडीएम मनस्वी नरेश की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। यह घटना राज्य सरकार के ग्राम रथ अभियान के तहत हुई चौपाल में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत और पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबूलाल वर्मा की मौजूदगी में हुई। भाजपा पदाधिकारियों की अनदेखी करने का आरोप चौपाल शुरू होने के बाद एसडीएम मनस्वी नरेश देरी से पहुंचीं। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री हरीश गुप्ता और पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन तालेड़ा ने एसडीएम की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए। दोनों पदाधिकारियों ने एसडीएम पर भाजपा पदाधिकारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि एसडीएम का मुख्यालय पर ठहराव नहीं रहता है, वे दिन में 2 बजे कार्यालय आती हैं और केवल 2 घंटे काम करके चली जाती हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं में उनकी कार्यशैली को लेकर काफी नाराजगी है। भाजपा प्रवक्ता अनिल जैन ने एसडीएम कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए और इस पर कार्रवाई की मांग की। पूर्व मंत्री ने SDM को कार्यशैली में सुधार के दिए निर्देश मामले को बिगड़ता देख राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत और पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबूलाल वर्मा ने कार्यकर्ताओं को शांत किया। उन्होंने तालेड़ा एसडीएम को अपनी कार्यशैली में सुधार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक कलाकारों के दल ने भी स्थानीय भाषा में राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी। कार्यक्रम के दौरान एडीएम रामकिशोर मीणा, तालेड़ा उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, भाजपा के पूर्व पदाधिकारी अनिल गोयल, जिला महामंत्री संजय लाठी, राधेश्याम गुर्जर, मोहन कराड़, हरीश गुप्ता और राजेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। SDM ने आरोपों को नकारा तालेड़ा एसडीएम मनस्वी नरेश ने बताया- मेरे पर जो आरोप लगे है वह गलत है, अनिल जैन कोई भाजपा पदाधिकारी नहीं है। इसका मेरे एसडीएम कोर्ट में कोई केस चल रहा था, उसको लेकर यह अनावश्यक दबाव बना रहा था। मैने नियमानुसार उस कैश को खारिज कर दिया, तब से यह मेरी लगातार शिकायतें कर रहा है।