बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने कुवारती कृषि उपज मंडी का दौरा किया। उन्होंने कलरफेड गेहूं खरीद में किसानों को आ रही समस्याओं का जायजा लिया। विधायक शर्मा ने किसानों से सीधी बात की और उनकी परेशानियां सुनीं। इसके बाद, विधायक शर्मा ने मंडी के कंट्रोल रूम में पहुंचकर भारतीय खाद्य निगम (FCI) के कर्मचारियों से जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि कलरफेड गेहूं की खरीद संबंधी समस्याओं का समाधान अभी उनके पास नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार से जल्द ही अस्थाई छूट का आदेश जारी हो जाएगा, जिससे किसानों की समस्या हल हो सकेगी। शर्मा ने कलरफेड गेहूं की समस्या के साथ ही बायोमेट्रिक, फोटो और ऑनलाइन प्रक्रियाओं में किसानों को आ रही दिक्कतों पर भी ध्यान दिया। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और कंट्रोल रूम में स्टाफ बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विधायक शर्मा ने कृषि उपज मंडी के अवलोकन के दौरान सरकार को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कलरफेड गेहूं खरीद और अन्य प्रमुख समस्याओं का सरकार द्वारा जल्द समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें सरकार के खिलाफ बड़ा कदम उठाना पड़ेगा। उन्होंने इस बात पर खेद व्यक्त किया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा प्रेस वार्ता में दिए गए आश्वासन और बूंदी जिला कलेक्टर द्वारा पत्र लिखे जाने के बावजूद, अभी तक केंद्र सरकार से कलरफेड गेहूं खरीदने पर छूट का कोई आदेश नहीं आया है। शर्मा ने केंद्र सरकार से जल्द से जल्द यह छूट का आदेश जारी करने का आग्रह किया। मृतक हंसराज वैष्णव के परिजनों को सरकार मुआवजा दें बूंदी विधायक का हरिमोहन शर्मा ने कोटा मंडी में हार्टअटैक से किसान की मौत के मामले में प्रशासन को जिम्मेदार माना। उन्होंने सरकार से मृतक हंसराज वैष्णव के परिवारजनों को जल्द मुआवजा देने की मांग की। बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, ओबीसी जिला अध्यक्ष बृजमोहन यादव, अनिल जैन, अध्यक्ष आढतिया संघ, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण मीणा, वरिष्ठ वार्ड पार्षद टीकम जैन ,पूर्व ब्लाक अध्यक्ष चेतराम मीणा बाबूलाल वर्मा, मंडल अध्यक्ष मनवीर सिंह, कांग्रेस कार्यकर्ता जोधराज गुर्जर, हंसराज चौधरी, यशवंत दाधीच गिरिराज गुर्जर सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता सहित आढतिया संघ बूंदी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान भाई मौजूद रहे।