बूंदी के नैनवां क्षेत्र में गुरुवार देर रात बजरी माफिया और पुलिस के बीच झड़प हो गई। अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर का पीछा कर रही पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। यह घटना रजलवाता गांव में हुई, जब पुलिस अवैध बजरी परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर को जब्त करने पहुंची थी। इसी दौरान बजरी माफिया के परिवार की महिलाओं ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी के बावजूद, पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही नैनवां डिप्टी ओमप्रकाश मीणा और थाना अधिकारी सहदेव मीणा मौके पर पहुंचे। नैनवां थानाधिकारी सहदेव मीणा ने बताया कि वे बजरी के ट्रैक्टर का पीछा कर रहे थे। रजलवाता गांव में एक महिला ने सड़क पर पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया और अचानक पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। इस हमले में 2 जवान घायल हो गए। थानाधिकारी मीणा ने यह भी बताया कि पुलिस ने बजरी वाले ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीएसपी ओमप्रकाश मीणा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।