देशभर में शुक्रवार से जनगणना-2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई। बूंदी जिले में इस राष्ट्रीय अभियान को रफ्तार देने के लिए जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव और पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने खुद आगे आकर जनगणना पोर्टल की स्व-गणना सुविधा का उपयोग किया। दोनों अधिकारियों ने आईपैड और मोबाइल के जरिए अपना विवरण दर्ज कर आमजन से भी इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। प्रशासन ने बताया कि यह प्रक्रिया बेहद आसान है और मात्र 3 से 4 मिनट में पूरी की जा सकती है। अधिकारियों ने पेश की मिसाल जनगणना-2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव और जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने शुक्रवार को स्व-गणना पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज किया। दोनों अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से जानकारी भरकर जिलेवासियों को संदेश दिया कि नागरिक भी स्वयं आगे बढ़कर इस अभियान में भागीदारी निभाएं। कलेक्टर बोले- सही जानकारी से बनेगी विकास की नीति जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने स्व-गणना प्रपत्र भरने के बाद कहा कि यह प्रक्रिया बेहद सरल और तेज है। इसे पूरा करने में केवल 3 से 4 मिनट लगते हैं। उन्होंने बताया कि 16 मई से प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे, लेकिन उससे पहले नागरिक स्वयं पोर्टल पर जाकर अपना विवरण भर सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सही और सटीक जानकारी ही भविष्य में देश और प्रदेश की विकास योजनाओं के निर्माण तथा उनके बेहतर क्रियान्वयन का आधार बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद भी विवरण दर्ज करें और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। SP ने कहा- सुरक्षित और सुविधाजनक है डिजिटल सुविधा जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने भी पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज करने के बाद जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना सुविधा अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 1 मई से जनगणना-2027 की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है और स्व-गणना पोर्टल आमजन के लिए पूरी तरह सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सही जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। ऐसे करें स्व-गणना, घर बैठे भरें विवरण स्व-गणना एक डिजिटल सुविधा है, जिसके जरिए नागरिक प्रगणक के घर आने से पहले ही इंटरनेट के माध्यम से अपनी जानकारी सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाना होगा। वहां मोबाइल नंबर के जरिए लॉग-इन कर एक आसान फॉर्म भरना होगा। यह सुविधा समय की बचत करने के साथ-साथ आंकड़ों की सटीकता भी बढ़ाती है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 16 मई को डोर-टू-डोर अभियान शुरू होने से पहले ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठाएं। जिलेवासियों से खास अपील प्रशासन ने कहा है कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की योजना बनाने का मजबूत आधार है। ऐसे में हर नागरिक सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दे।