बूंदी में किसानों और आमजन की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन और पैदल मार्च करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान और आमजन परेशान हैं। गुंजल ने आरोप लगाया कि किसानों और आमजन को भारी बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों को खाद के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है और सिंचाई के लिए नहरों का पानी अभी तक टेल क्षेत्र तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने केडीए के माध्यम से किसानों को विस्थापित किया है। पूर्व विधायक गुंजल ने बूंदी जिले के सभी किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। यह प्रदर्शन जन समस्याओं के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बूंदी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की नीतियों का डटकर विरोध करेंगे। महावीर मीणा ने आगे बताया कि 24 जुलाई को होने वाले इस प्रदर्शन और सभा को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एआईसीसी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और अन्य नेता संबोधित करेंगे। यह आयोजन किसान और आमजन की समस्याओं को उजागर करने के लिए किया जा रहा है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली,एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर, कोटा बूंदी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रहलाद पीसीसी महासचिव व बूंदी जिले के प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह सिद्धू, सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, हिंडोली विधायक अशोक चांदना,केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी संबोधित करेंगे। बैठक को इन्होंने किया संबोधित बैठक को आरसीए उपाध्यक्ष राजकुमार माथुर, पीसीसी सचिव गुडडू कादरी, आनंदीलाल मीणा,राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकरण मीणा, तालेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौर, हिंडोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण बैरवा, पूर्व प्रधान मोहनलाल गुर्जर, जयकिशन मीणा, रामनारायण बैरवा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगरूप सिंह रंधावा, बाबूलाल वर्मा, पूर्व डीसीसी महासचिव इश्तियाक अली, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मोडूलाल वर्मा, ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजमोहन यादव, एडवोकेट शांतिलाल मीणा, मेघवाल समाज के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष रामलाल मेघवाल, बूंदी पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि सत्यनारायण मीणा आदि ने सम्बोधित किया। संचालन पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतराम मीणा ने किया।