बूंदी शहर के नैनवां रोड पर बुधवार को उस समय जनआक्रोश भड़क उठा, जब पुलिस पान केबिन संचालक पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों को घटना स्थल की तस्दीक के लिए लाई। आरोपियों को बिना किसी डर के गर्दन ऊंची कर चलते देख नवजीवन संघ कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ आरोपियों को पीटने के लिए उनकी तरफ दौड़ी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस जाब्ते ने तुरंत तीनों को जीप में बैठाया और मुख्य नैनवां रोड के बजाय रातबरड़ा के रास्ते से थाने रवाना कर दिया। इस दौरान लोगों ने हाइवे पर जाम भी लगा दिया। पान केबिन संचालक पर किए थे चाकू से ताबड़तोड़ वार गौरतलब है कि 11 जुलाई को जनता कॉलोनी निवासी रवि, विशाल और टिन्नी नामक आरोपियों ने बहादुर मीणा पर चाकू से ताबड़तोड़ 7 वार किए थे। गंभीर हालत में घायल बहादुर का कोटा में इलाज चल रहा है। वह 3 दिन तक बोल भी नहीं पाया था और उसका ऑपरेशन करना पड़ा। पुलिस ने वारदात के अगले दिन ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू और बाइक बरामद कर ली थी। सदर थानाप्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को मौके पर ले जाकर घटना स्थल की तस्दीक करवाई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि ये तीनों आदतन अपराधी हैं और पहले भी मारपीट व चाकूबाजी की घटनाओं में चालानशुदा हैं। लोग बोले- आरोपियों की ढंग से तस्दीक तक नहीं कराई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को गाड़ी से उतारकर ढंग से तस्दीक तक नहीं कराई। क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि जिस जगह वारदात हुई, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर एक पुलिस चौकी थी, जो पिछले 4 साल से बंद पड़ी है। पूर्व में विरोध के बाद यहां 4-1 का जाब्ता लगाया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद पुलिसकर्मी नदारद हो गए और चौकी का टेंट भी खराब होकर गायब हो गया।