बूंदी पुलिस ने गुरुवार को 'ड्राइवर डिग्निटी डे-2026' मनाया। यह आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा की अगुवाई में हुआ। जिला मुख्यालय के नगर परिषद मीटिंग हॉल के साथ-साथ जिले के सभी पुलिस थानों में भी कार्यक्रम हुए। इसका मुख्य मकसद सड़क परिवहन को सुरक्षित रखने में जरूरी भूमिका निभाने वाले वाहन ड्राइवरों का सम्मान करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने मौजूद वाहन ड्राइवरों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सभी सड़क उपयोगकर्ताओं के प्रति सम्मान से पेश आएं, सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें और रोड रेज व दुर्व्यवहार के खिलाफ खड़े रहें। कार्यक्रम में बताया गया कि ड्राइविंग के पेशे का सम्मान करना सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और विकसित भारत 2047 बनाने के लिए जरूरी है। वाहन ड्राइवर हर दिन यात्रियों, सामान और जरूरी सेवाओं के परिवहन में बड़ा योगदान देते हैं। इस दौरान सम्मानित वाहन ड्राइवरों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में योगदान देने की शपथ ली। बूंदी पुलिस ने अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर धैर्य रखें और सभी के साथ सम्मान से पेश आएं।