बूंदी पुलिस ने 'ऑपरेशन साइबर शील्ड' के तहत 20 म्यूल खाताधारकों को गिरफ्तार किया है, जो साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते किराए पर देते थे। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया- पुलिस ने I4C गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और प्रतिबंध पोर्टल पर चिन्हित संदिग्ध बैंक खातों तथा साइबर हॉटस्पॉट लोकेशन के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि इन व्यक्तियों ने लालच में आकर अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपयोग के लिए दिए थे। इन खातों का उपयोग देशभर में हुई ऑनलाइन ठगी की रकम जमा करने और उसे आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने इन 20 म्यूल खाताधारकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार म्यूल खाता वह बैंक खाता होता है जिसे उसका असली धारक पैसों के लालच में साइबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए दे देता है। ठग इन खातों में ठगी की रकम जमा कराते हैं और फिर उसे निकाल लेते हैं। ऐसे खाते साइबर ठगी के नेटवर्क की रीढ़ माने जाते हैं। गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों में चेतराम निवासी भेरुपुरा, खुशीराम निवासी भेसो का नयागांव, अंजनी कुमार निवासी जजावर, कृष्ण कुमार निवासी भीमगंज, चेतराम निवासी धीरपुर, अंकित निवासी वार्ड 7, पंकज निवासी प्रताप कॉलोनी, आदित्य उर्फ किट्टू निवासी रविंद्र कॉलोनी, नरेन्द्र निवासी खेरुणा, कालूलाल निवासी खेरुणा, राकेश निवासी गणेश मंदिर, मनीष निवासी रजलावत, अक्षय कुमार निवासी बामनगांव, विनोद कुमार निवासी बामनगांव, अंकुश निवासी मानपुरा, निरंजन निवासी मानपुरा, गजेन्द्र निवासी हिरापुर, अंकित निवासी झंडे की गली, अंकुश निवासी चार हाटडिया और मुकेश निवासी रजलावता शामिल हैं। ये सभी नैनवां थाना क्षेत्र के निवासी हैं। 144 पव्वे अवैध देसी शराब जब्त बूंदी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को 144 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। कोतवाली पुलिस पुरानी धानमंडी परिसर में गश्त और अवैध गतिविधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखे प्लास्टिक के कट्टे से 144 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद हुई। आरोपी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी रवि नायक (43) पुत्र रमेशचंद निवासी नगर परिषद की गली, थाना कोतवाली, जिला बूंदी से शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी रमेशचंद्र आर्य, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल, कॉन्स्टेबल हंसराज, महेश कुमार और तेजराज सिंह शामिल थे।