नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां भाजपा और कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और एक-दूसरे का ऑफिस का घेराव करने निकले। हालांकि पुलिस ने उनको पहले ही रोक दिया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई जयपुर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने बैरिकैड्स लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए वाटर कैनन चलाई। पूरी खबर पढ़ें 2. सिंधिया रियासत की चोरी हुई तोप की करौली में तलाश मध्य प्रदेश के सिंधिया रियासत की 400 साल पुरानी चोरी हुई तोप की तलाश राजस्थान के करौली जिले तक पहुंच गई है। एमपी पुलिस को सूचना मिली है कि शिवपुरी के नरवर किले से 3500 किलो वजनी ऐतिहासिक तोप को चोर लोडिंग गाड़ी से हिंडौन के गांवड़ा मीणा गांव में कहीं छुपा रखा है। पूरी खबर पढ़ें 3. कांग्रेस नेताओं का भाजपा कार्यालय कूच केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में कांग्रेस लगातार दूसरे दिन सड़क पर उतरी। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय घेरने निकले। कांग्रेस के घेराव में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरी खबर पढ़ें 4. खुदाई में निकले खजाने का मजदूर ने खोला राज जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में एक हवेली में खजाना मिलने के दावे के मामले में नया खुलासा हुआ है। हवेली को तोड़ने वाले मजदूर का दावा है कि खजाना मिला था। ठेकेदार ने उससे सोने-चांदी के 150 सिक्के देने का वादा किया था, लेकिन वह मुकर गया। तब उसने हवेली के मालिक को बता दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. भीलवाड़ा के आसींद में 5.90 इंच बारिश, नदी उफान पर मानसून के असर से अजमेर, उदयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, जैसलमेर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। भीलवाड़ा के आसींद में 7.30 घंटे में 5.90 इंच बारिश हुई। आसींद क्षेत्र से गुजरने वाली नेखाड़ी नदी उफान पर आ गई। बदनोर क्षेत्र में आसपहाड़ स्थित झरना बहने लगा। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. बिजासन माता मंदिर आए भाई-बहन को लाठी-डंडों से पीटा बूंदी जिले के इंद्रगढ़ में बिजासन माता मंदिर में दर्शन करने आए भाई-बहन के साथ दुकानदार ने मारपीट की। भाई-बहन एक दुकान से खिलौने खरीद रहे थे। इस दौरान कहासुनी हुई हो गई। विवाद बढ़ने पर दुकानदार समेत 6 लोगों ने मिलकर श्रद्धालु को लाठी-डंडों से पीट दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. विवादित बयान पर खाटूश्यामजी जाकर माफी मांगी खाटूश्यामजी और श्याम मंदिर पर विवादस्पद टिप्पणी करने के बाद विवादों में आए कथावाचक किरीट भाई ने बाबा की चौखट पर मत्था टेककर माफी मांगी। पुलिस सुरक्षा के बीच कथावाचक किरीट भाई श्याम मंदिर पहुंचे और बाबा के दर्शन किए। उन्होंने कहा- मैं कथा के विषय से भटक गया था। पूरी खबर पढ़ें 8. मर्सिडीज ने स्कूटी सवार युवक को कुचला, मौत जयपुर के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में 40 साल के युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार एक युवती चला रही थी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. सांवलियाजी को चढ़ाई 25.65 लाख की चांदी की सिल्लियां चित्तौड़गढ़ में सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालु ने 11 किलो 400 ग्राम वजन चांदी की 19 सिल्लियां भेंट की। इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए है। मध्यप्रदेश के श्रद्धालु ने बेटे से जुड़ी मनोकामना लेकर प्रार्थना की थी। मन्नत पूरी होने पर भेंट लेकर परिवार के साथ मंदिर पहुंचा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. आनासागर झील में गंदगी के विरोध में अजमेर बंद अजमेर कांग्रेस ने आनासागर झील की बदहाली और हजारों मछलियों की मौत के विरोध में 23 जुलाई को अजमेर बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।