बूंदी में जिला सड़क सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने की। इसमें राष्ट्रीय राजमार्गों और स्टेट हाईवे पर गड्ढों को तत्काल भरवाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजमार्गों पर आवश्यकतानुसार एटीएमएस (एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), डिवाइडर और अन्य सुरक्षा उपाय लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए नियमित रूप से थर्ड पार्टी ऑडिट करवाने और ऑडिट रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सेफ्टी ऑडिट में की गई सिफारिशों को सख्ती से लागू करने को भी कहा गया। अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों, बसों से वसूला जाएगा जुर्माना यादव ने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए समिति द्वारा सुझाए गए उपायों को लागू करने पर बल दिया। उन्होंने अवैध कटों को तुरंत बंद करने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि रात में सड़कों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो सके। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों और बसों पर नियमानुसार कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने के आदेश भी दिए गए। ब्लैक स्पॉट्स पर स्पीड ब्रेकर, साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे बैठक में सड़क सुरक्षा सलाहकार समिति द्वारा चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट्स पर हादसों की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर, साइनेज बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। समिति को नियमित रूप से संयुक्त सर्वे करने को भी कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल बूथों पर एम्बुलेंस, क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और हाईवे पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों को नियमित रूप से साफ करवाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान एडीएम एच डी सिंह, एएसपी संजय सिंह चंपावत, जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार गुप्ता, एनएचएआई और अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।