बूंदी जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। बाबाजी का बरड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय निशानेबाज धनराज योगी राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले जिले के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने देहरादून में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप की 10 मीटर एयर राइफल यूथ पुरुष स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल की। धनराज ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दिसंबर 2026 में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपना स्थान पक्का किया है। यह बूंदी जिले के लिए एक महत्वपूर्ण खेल उपलब्धि मानी जा रही है। धनराज अब दिसंबर 2026 में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। रोज गांव से बूंदी आकर किया अभ्यास जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत ने बताया कि धनराज प्रतिदिन अपने गांव से बूंदी खेल संकुल स्थित टॉप गन शूटिंग एकेडमी पहुंचकर अभ्यास करते हैं। उनकी आर्थिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन उनकी प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए एकेडमी संचालक और कोच योगेंद्र सिंह शेखावत ने प्रशिक्षण शुल्क माफ कर दिया। कोच ने महंगी एयर राइफल कराई उपलब्ध कोच शेखावत ने धनराज को अभ्यास के लिए महंगी एयर राइफल भी उपलब्ध कराई। इस सहयोग ने उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोच योगेंद्र सिंह शेखावत के तकनीकी प्रशिक्षण और धनराज की अथक मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का परिणाम आज जिले की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया है। कोच शेखावत ने कहा कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान बना सकती हैं।