बूंदी जिले में आवारा कुत्तों के हमलों में सोमवार को एक बच्ची और एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। हमले में बच्ची की रीढ़ की हड्डी टूट गई, जिसके कारण कमर के नीचे के हिस्से में लकवा आ गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया। एंबुलेंस ड्राइवर रामराज ने बताया कि तालेड़ा के पास रास्ते में बच्ची की हालत बिगड़ गई, उसकी पल्स बंद हो गई थी। तत्काल सीपीआर और इंजेक्शन देने के बाद उसकी पल्स वापस लौटी। बच्ची को कोटा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एक अन्य घटना में नीम का खेड़ा में आवारा कुत्तों ने वृद्ध महिला कैलाशी बाई पर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के दोनों हाथों और गर्दन पर गहरे घाव हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिले में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने कई बार प्रशासन को इस बारे में सूचित किया है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पहले भी सीतापुरा स्थित एक स्कूल और तालेड़ा थाना क्षेत्र के अल्कोदिया गांव में कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई थी और एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।