थाना मथुरागेट पुलिस ने राजेन्द्र नगर में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते आरोपी 35 वर्षीय बलवीर उर्फ भाऊ पुत्र ओंकार सिंह, निवासी मोरी चार बाग को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। एसपी दिगंत आनंद के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थानाधिकारी हरलाल मीना ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पीड़िता प्रीति शर्मा एडवोकेट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अप्रैल की रात परिवार उज्जैन गया हुआ था। 13 अप्रैल की सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा खुला है। जांच में अलमारी के ताले टूटे मिले और 1.31 लाख नकद रुपए ,चांदी के सिक्के, पायल, चैन, अंगूठियां और अन्य आभूषण चोरी पाए गए। साथ ही टीवी, डीवीआर, कैमरा और डीटीएच सेट बॉक्स भी गायब थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।बलवीर उन घरों को चिन्हित करता था जिनके मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होता। देर शाम वह दोबारा उसी इलाके में जाकर यह सुनिश्चित करता कि घर खाली है और कोई गतिविधि नहीं हो रही। पूरी तरह से सत्यापन करने के बाद ही वह रात में कट्टर लेकर आता और ताले तोड़कर चोरी कर ले जाता।