उदयपुर में एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोनट सहित ड्राइवर सीट तक कार का पूरा हिस्सा कंटेनर के अंदर घुस गया। इस हादसे में कार चला रहे चालक (ड्राइवर) बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के अंदर ही फंस गए। गंभीर चोटें आने के कारण ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सविना थाने के एएसआई लालसिंह राव पुलिस बल (जाब्ते) के साथ मौके पर पहुंचे। यह हादसा देर रात करीब 11 बजे डाकन कोटड़ा टोल नाके के पास हुआ। मृतक की पहचान कुम्हारवाड़ा निवासी लोकेश धाबाई के रूप में हुई है, जो हादसे के वक्त कार से अपने घर जा रहे थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला और उसे एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया- कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण ड्राइवर समय रहते उस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। पुलिस ने आज शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है।