झुंझुनूं में मिल्लत वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से मलसीसर रोड स्थित कम्युनिटी डेवलपमेंट सेंटर में अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इंजीनियर मुमताज अली ने बताया- ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही दिशा दिखाना है, ताकि वे एक बेहतर करियर चुन सकें। जयपुर से आए आबिद अली खान ने बच्चों को 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न व्यावसायिक और शैक्षणिक कोर्सेज की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि करियर का चुनाव करते समय पूरी सावधानी बरतें और केवल भेड़चाल में न फंसकर अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार क्षेत्र चुनें। नैतिक मूल्यों और मेहनत पर दिया जोर शहर काजी सफीउल्लाह सिद्दीकी ने नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इंसान का ईमानदार, जिम्मेदार और अच्छे अखलाक (आचरण) वाला होना जरूरी है। पूर्व सभापति खालिद हुसैन ने विद्यार्थियों में जोश भरते हुए कहा कि लक्ष्य कोई भी हो, उसे हासिल करने के लिए 100% मेहनत और समर्पण की आवश्यकता होती है और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। 90% से अधिक अंक लाने वाले 59 छात्र-छात्राएं सम्मानित 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 90% से अधिक अंक हासिल करने वाले 59 अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गणमान्य लोग रहे मौजूद कार्यक्रम का संचालन आलम शेर खान ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष यूनुस भाटी, जमील अहमद, डॉ. अशफाक अहमद और प्रिंसिपल शाकिर कुरैशी सहित समाज के गणमान्य लोग और अभिभावक उपस्थित रहे।