कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित चित्रेश नगर कॉलोनी में देर रात मगरमच्छ के निकलने से हड़कंप मच गया, भारी-भरकम मगरमच्छ रिहायशी इलाके में घुस आया। करीब 8 से 10 फीट लंबे इस मगरमच्छ के कॉलोनी में आने से लोगों में दहशत फैल गई। कॉलोनी के कुत्ते लगातार भौंककर मगरमच्छ को घेरने लगे, जिससे आसपास के लोगों का ध्यान इस ओर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवारों ने मगरमच्छ को देखा और तुरंत कॉलोनीवासियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बोरखेड़ा थाना पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया। थोड़ी ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। वनकर्मी वीरेंद्र सिंह हाड़ा ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर मगरमच्छ कॉलोनी के एक कोने में बैठा हुआ मिला, जिसे सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से चंबल नदी में छोड़ दिया गया। वन विभाग के अनुसार, कॉलोनी के पीछे एक छोटी नहर और नाला मौजूद है, जिससे संभावना जताई जा रही है कि मगरमच्छ वहीं से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंचा होगा। इस इलाके में पहले भी कई बार मगरमच्छ देखे जा चुके हैं और हर बार उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा गया है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में जंगली जीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।