नगर परिषद ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत चांग गेट से श्रम विभाग कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर बैठकर व्यापार कर रहे लोगों को हटाया गया। उन्हें भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी गई। नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों और व्यापारियों को बताया कि सड़क पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। परिषद ने नागरिकों से भी सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।