मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क का चीता KP-2 लंबा सफर तय कर रहा है। यह मध्य प्रदेश से चलकर रणथंभौर के जंगलों में पहुंचा, लेकिन अब सवाई माधोपुर के रिहायशी इलाकों का रुख कर लिया है। जानकारी के अनुसार- यह चीता श्याम वाटिका क्षेत्र के एक खेत में छिपा हुआ है, जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और जीनापुर इलाके के करीब है। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। रविवार की शाम को चीता KP-2 ने जंगल क्षेत्र में एक बकरी का शिकार भी किया था। इसके बाद वह धीरे-धीरे रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डीएफओ मानस सिंह के नेतृत्व में रणथंभौर और कूनो नेशनल पार्क की टीम लगातार चीते की मॉनिटरिंग कर रही है। चीते के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए कूनो नेशनल पार्क के उच्च अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। तीन‌ दिन पहले पहुंचा था रणथंभौर वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार- चीता करीब 3 दिन पहले कूनो नेशनल पार्क से निकलकर रणथंभौर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंचा था। इसके बाद इसकी लगातार ट्रैकिंग की जा है। फिलहाल वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। खेतों या सुनसान इलाकों में अकेले न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।