अखिल भारतीय केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संघ (AIOCD) के निर्देश पर 20 मई 2026 को देशभर में एक दिवसीय 'अखिल भारतीय केमिस्ट बंद' का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करना है। ब्यावर में भी यह बंद प्रभावी रहेगा। ब्यावर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट ऐलाइंस (BDCA) ने इस बंद की पूर्व सूचना और अपनी मांगों को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक पहुंचाया है। स्थानीय विधायक शंकर सिंह रावत और अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। BDCA ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. गोविन्द नाटानी से भी आग्रह किया है कि अस्पतालों के भीतर स्थित दवा दुकानों को भी इस दिन बंद रखा जाए। डॉ. नाटानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि 20 मई को सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। BDCA ने अपने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे इस दिन अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर केमिस्ट समुदाय की एकता और विषय की गंभीरता प्रदर्शित करें। BDCA पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह बंद केवल मांगों को उजागर करने के लिए है और जनता को दवा की आपूर्ति पर कोई असर न पड़े, इसके लिए पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।