बारां के छबड़ा कस्बे की कृष्ण विहार कॉलोनी में मंगलवार शाम को समाज कल्याण विभाग ने एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर छापा मारा। जांच में पता चला कि यह केंद्र बिना लाइसेंस के चल रहा था। अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने केंद्र के संचालक को पाबंद किया और मकान को सीज कर दिया। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी शुभम नागर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने कृष्ण विहार कॉलोनी में एक निजी मकान में चल रहे नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई की। जांच के दौरान केंद्र चलाने से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस मौके पर नहीं मिले। इसके अलावा, केंद्र के अंदर नियमों के खिलाफ घरेलू गैस सिलेंडर और चूल्हा भी रखा मिला। यह सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। विभागीय टीम ने मौके पर पंचनामा बनाया और संचालक को नोटिस जारी किया। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र के संचालन, मरीजों की देखभाल और सभी दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद कस्बे में बिना अनुमति चल रहे दूसरे नशा मुक्ति केंद्रों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।