प्रतापगढ़ पुलिस ने छोटीसादड़ी में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 8.44 ग्राम अफीम का सैंपल, 2.50 लाख रुपए नकद और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस नकदी और सैंपल का उपयोग 1.5 किलोग्राम अवैध अफीम खरीदने के लिए करने वाले थे। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा के मार्गदर्शन में की गई। 8 अप्रैल को छोटीसादड़ी थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम अचलपुर गांव के बाहर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ की। मोटरसाइकिल चालक ने अपनी पहचान अशोक कुमार (28) और पीछे बैठे व्यक्ति ने नारायणदास (36) के रूप में बताई। दोनों चित्तौड़गढ़ जिले के निकुंभ थाना क्षेत्र के भानुजा गांव के निवासी हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अशोक कुमार के पास से एक प्लास्टिक की डिब्बी में 8.44 ग्राम अवैध अफीम और 2.50 लाख रुपए नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने अवैध अफीम, नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छोटीसादड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।