छोटीसादड़ी में केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग द्वितीय खंड द्वारा अफीम तौल का कार्य सुव्यवस्थित रूप से जारी है। चार दिनों में कुल 1193 किसानों से 9021 किलो से अधिक अफीम की खरीद की जा चुकी है। यह प्रक्रिया नगर की हिंदू धर्मशाला में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संचालित हो रही है। तौल प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 4 बजे शुरू होती है, जिसके कारण किसानों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कई किसान अपनी बारी सुनिश्चित करने के लिए रात से ही परिसर में डेरा डाले रहते हैं। जिला अफीम अधिकारी आशीष भटनागर ने बताया कि सोमवार को तौल के चौथे दिन 13 गांवों के 335 किसानों की 2540 किलो अफीम की तुलाई की गई। इन गांवों में हमेरपुरा, जलोदा जागीर, भैरवी, प्रतापपुरा, जलमंडी, सेमरथली, उदपुरा, उंडावेला, बसेड़ी कुंडाल, खेड़ा केसुंदा, करणपुर कला, जाखमिया और चरलिया शामिल थे। पूरी तौल प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संचालित हो रही है। केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। तौल के बाद अफीम को सुरक्षित रूप से केनों में भरकर नारकोटिक्स विभाग की नीमच स्थित फैक्ट्री भेजा जा रहा है। विभाग द्वारा किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि किसान अच्छी गुणवत्ता की अफीम लेकर आ रहे हैं।