प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत कार्रवाई करते हुए छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र से 18.75 ग्राम अफीम जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 11,200 रुपये नकद और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार भी बरामद की है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को अचलपुरा-छोटीसादड़ी रोड पर अचलपुरा गांव से पहले एक कच्चे रास्ते पर की गई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह उपनिरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस दल नाकाबंदी कर रहा था। इसी दौरान एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार आती हुई दिखाई दी। कार चालक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। चालक की पहचान राजू उर्फ राजमल (30), निवासी करितड़ा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई। उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सत्यनारायण (29) निवासी तुरकिया कला, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ बताया। कार भागने का कारण पूछने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर राजू उर्फ राजमल के पास से 11,200 रुपये नकद मिले। वहीं, सत्यनारायण की तलाशी में 18.75 ग्राम अफीम बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह अफीम 1 किलोग्राम अवैध अफीम खरीदने के लिए नमूने के तौर पर लाई गई थी। पुलिस टीम ने अवैध अफीम, नकद राशि और बिना नंबर की स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छोटीसादड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 28, 30 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।