मुख्य अभियंता सीएडी संदीप माथुर ने बूंदी जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूंदी ब्रांच कैनाल के 48 किलोमीटर क्षेत्र में जारी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने तकनीकी स्टाफ को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्माण सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। माथुर ने जोर दिया कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने से ही दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सीएडी में निर्माण कार्यों के लिए सामान्यतः 3-4 महीनों का समय निर्धारित होता है। इसलिए सभी कार्यों के लिए पूर्व योजना (वर्क प्लान) बनाकर उन्हें समय पर पूरा किया जाना चाहिए। बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत ड्रेनेज कार्यों को भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप वर्षा से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य कमांड क्षेत्र में जल भराव की समस्या को उत्पन्न होने से रोकना है। इस अवसर पर सीएडी के अधिशासी अभियंता अरविंद मीणा, सहायक अभियंता मनीष कुमार सहित अन्य तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा।