झालावाड़ जिले के पनवाड़ थाना क्षेत्र के चलेट गांव में एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान पातालेश्वर महादेव मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर में आग लगने से 11 केवी विद्युत लाइन का करंट फैल गया। इस घटना में 13 मवेशियों और 1 कुत्ते की मौत हो गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद करंट आधा दर्जन से ज्यादा मकानों में फैल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया और किसी मानवीय क्षति की सूचना नहीं है। ग्रामीणों में आक्रोश हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को इस घटना का मुख्य कारण बताया और अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर और विद्युत व्यवस्था की समय पर देखरेख नहीं होने के कारण यह गंभीर हादसा हुआ। मुआवजे की मांग पीड़ित किसानों ने मृत मवेशियों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी अपील की। किसान गिरिराज गुर्जर की 11 भैंसें और 2 अन्य गोवंश इस हादसे में मारे गए हैं। इस घटना के बाद गांव में लंबे समय तक दहशत का माहौल बना रहा। यह भी उल्लेखनीय है कि पनवाड़ क्षेत्र में करंट लगने से मवेशियों की मौत के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।