झुंझुनूं के चिड़ावा के पिलानी रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार कैम्पर गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार चाचा-भतीजे दूर जा गिरे। कैंपर बाइक को दूर तक घिसटती ले गई। हादसे के बाद ड्राइवर कैम्पर लेकर भाग गया। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। हादसा बुधवार को 11.50 बजे हुआ। सबसे पहले देखिए हादसे के 4 PHOTOS… बाइक से अनाज लेने जा रहे थे पुलिस ने बताया- पुरानी बस्ती स्थित देवी जी मंदिर के पास रहने वाले ओमप्रकाश (39) पुत्र बद्री सिंह और उनके भतीजे अंकित (24) पुत्र नंदलाल घर से अनाज लाने के लिए बाइक पर निकले थे। वे विद्यानिकेतन स्कूल के पास से सुथरा का मोहल्ला होते हुए जा रहे थे। इसी दौरान पिलानी रोड पर पुराना डिप्टी ऑफिस की तरफ से आ रही तेज गति की कैम्पर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि कैम्पर बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, बाद में ड्राइवर कैंपर लेकर मौके से भाग गया। दोनों घायल झुंझुनूं रेफर सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के चालक मनिंदर और ईएमटी सतीश मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को संभाला और राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. जेपी धायल और नर्सिंग कर्मियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, दोनों के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात कैम्पर और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।