डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। चितावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 24 कार्टन अवैध देसी शराब, एक लाख रुपए नकद और परिवहन में प्रयुक्त एक हरियाणा नंबर की कार जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम जिजोट क्षेत्र में गश्त के दौरान एक हरियाणा नंबर की कार को रुकने का इशारा किया गया। हालांकि, ड्राइवर वाहन को तेज गति से चितावा की ओर भगा ले गया। सूचना मिलने पर चितावा पुलिस ने आडागेला क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहन को घेरकर रोक लिया। वाहन ड्राइवर की पहचान बलदेवराम (34) पुत्र भागूराम, निवासी गुगड़वार, थाना चितावा के रूप में हुई। पुलिस ने शराब, कार और आरोपी के पास से मिले एक लाख रुपये नकद जब्त कर बलदेवराम को गिरफ्तार कर लिया।