चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा में पुलिस ने हाईवे पर लंबे समय से चल रहे चोरी के पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और भादसोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी के घर से 830 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवे से गुजरने वाले टैंकरों और ट्रकों से कम दाम में चोरी का पेट्रोल-डीजल खरीदकर घर में जमा करता था और बाद में आसपास के लोगों को ज्यादा कीमत पर बेच देता था। खुले में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण होने से आसपास के लोगों की सुरक्षा भी खतरे में थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना से खुला पूरा मामला जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भादसोड़ा मेन चौराहे पर रहने वाला प्रेम शंकर माली चोरी का पेट्रोल और डीजल खरीदकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने पहले एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। वहां आरोपी उसे पेट्रोल बेचने के लिए तैयार हो गया। सूचना सही मिलने के बाद डीएसटी ने तुरंत भादसोड़ा थाना पुलिस को जानकारी दी और संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर कार्रवाई की। घर में ड्रम और केनों में रखा था ईंधन पुलिस ने आरोपी के बाड़े की तलाशी ली तो वहां चार बड़े ड्रमों में 730 लीटर पेट्रोल और पांच केनों में 100 लीटर डीजल रखा मिला। कुल 830 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया। साथ ही पेट्रोल-डीजल भरने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी कब्जे में लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास इस ईंधन को रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इतनी बड़ी मात्रा में खुले में पेट्रोल और डीजल का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। टैंकर और ट्रकों से खरीदता था चोरी का ईंधन जांच में सामने आया कि आरोपी का घर सांवलियाजी प्राकट्य स्थल के पास हाईवे किनारे है। यहां अक्सर पेट्रोल और डीजल से भरे टैंकर और ट्रक रुकते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऐसे गाड़ियों से चोरी किया गया पेट्रोल-डीजल कम कीमत पर खरीदता था। इसके बाद वह इसे अपने घर में जमा कर स्थानीय लोगों को ज्यादा दाम में बेच देता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी का ईंधन कहां-कहां से लाया जा रहा था। आरोपी गिरफ्तार, लोगों से भी की अपील पुलिस ने भादसोड़ा चौराहा निवासी 30 वर्षीय प्रेम शंकर माली को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हाईवे किनारे खुले में पेट्रोल और डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण और बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। इस कार्रवाई में भादसोड़ा थाने के ASI सुरेश कुमार, कांस्टेबल रतनलाल, वीरेंद्र सिंह, DST टीम से कांस्टेबल देवेंद्र, अरविंद, अशोक, कृष्णकांत, जगदीश शामिल थे।