चित्तौड़गढ़ के कपासन चौराहे पर थ्री-व्हीलर टेम्पो और बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। टेम्पो में कई लोग सवार थे, जो चित्तौड़गढ़ शहर से आजोलिया का खेड़ा गांव जा रहे थे। हादसे में टेम्पो सवार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। बुजुर्ग महिला की मौत, परिवार में मातम हादसे में फूमा बाई (68) पत्नी शंकलाल जाट गंभीर रूप से घायल हो गईं। हॉस्पिटल पहुंचते ही उनकी हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान फूमा बाई ने दम तोड़ दिया। फूमा बाई एक महीने पहले अपने भाई की मौत हो गई थी। कपड़े देने की परंपरा निभाने अपने परिवार की बहन की बेटी के साथ बाजार से खरीदारी करके लौट रही थीं। मौके पर अफरा-तफरी, राहगीरों ने की मदद हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालकर सुरक्षित स्थान पर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि बाइक गलत साइड से आकर सीधे टेम्पो से टकराई। टक्कर के बाद टेम्पो पलट गया और लोगों में भगदड़ मच गई। घायल लोग मौके से चले गए हादसे के बाद कई घायल लोग बिना पुलिस का इंतजार किए ही हॉस्पिटल या घर के लिए चले गए। बाइक सवार दोनों युवक भी प्राथमिक इलाज के बाद वहां से निकल गए। इस वजह से पुलिस को सभी घायलों की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई, जिससे जांच में कुछ दिक्कतें आईं। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि यह हादसा बाइक चालक की लापरवाही के कारण हुआ। यदि बाइक सही दिशा में चल रही होती, तो यह दर्दनाक घटना टल सकती थी।