पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त और जीत की खबर आते ही चित्तौड़गढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया, जिसमें सबसे खास आकर्षण रहा बंगाल की मशहूर स्ट्रीट फूड झालमुरी। कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने इस जीत को सिर्फ मिठाई और पटाखों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि बंगाल से जुड़ी इस पारंपरिक स्ट्रीट फूड को शामिल कर जश्न को खास बना दिया। मौके पर ठेला गाड़ी बुलाकर ताजी झालमुरी तैयार करवाई गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान “जय श्री राम” और “चप्पा-चप्पा भाजपा” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। पटाखे फोड़े गए, लड्डू बांटे गए और हर कार्यकर्ता इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए नजर आया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पश्चिम बंगाल में पहली बार मिली यह जीत पार्टी के लिए बेहद जरूरी है और इसी कारण इसे खास अंदाज में मनाया जा रहा है। नेताओं की मौजूदगी में दिखा उत्साह, झालमुरी के जरिए जताई बंगाल से जुड़ाव की खुशी इस जश्न में भाजपा के कई स्थानीय नेता भी शामिल हुए, जिन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस जीत की खुशी साझा की। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, पूर्व जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, भाजपा महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन रूद, नगर मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी और पूर्व नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा सहित कई नेता मौके पर मौजूद रहे। सभी ने पहले जोरदार नारेबाजी की और फिर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। हालांकि इस पूरे आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा झालमुरी की ही रही, जिसे बंगाल की जीत से जोड़कर देखा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सिर्फ एक स्ट्रीट फूड नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति का प्रतीक है और इसे जश्न में शामिल कर उन्होंने अपनी खुशी को और खास बना दिया। नेताओं ने इस जीत को पार्टी के मजबूत संगठन और नेतृत्व की सफलता बताते हुए आने वाले समय के लिए इसे शुभ संकेत माना। झालमुरी के साथ दिखी साझा खुशी की तस्वीर कार्यक्रम के दौरान पूर्व यूआईटी चेयरमैन सुरेश झांवर, राजन माली, ओम प्रकाश शर्मा, सुधीर जैन और विनीत तिवारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि इस मौके पर भाजपा और निर्दलीय पक्ष के लोग भी एक साथ नजर आए, जिससे एकजुटता की झलक देखने को मिली। सभी ने मिलकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को झालमुरी व मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा साफ नजर आई, जहां कार्यकर्ता इस जीत को आगे की राजनीति के लिए एक मजबूत आधार मानते दिखे।