चित्तौड़गढ़ शहर के सदर थाना क्षेत्र के बापूनगर सेंती इलाके में एक मार्बल व्यवसायी के सूने मकान में लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। परिवार बेटे के लिए बाइक खरीदने और बेटी के मेकअप आर्टिस्ट के काम के करीब पांच लाख रुपए घर में रखकर शादी समारोह में गया था, लेकिन पीछे से अज्ञात चोर घर में घुस गए और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। बापूनगर सेंती निवासी प्रदीप जैन पुत्र बंशीलाल जैन ने बताया कि 9 मई की रात परिवार सहित अनन्त रिसोर्ट में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वे शाम करीब 8 बजकर 15 मिनट पर घर से निकले थे। परिवार जब देर रात करीब 2 बजे वापस घर पहुंचा तो मकान का जाली वाला गेट टूटा हुआ मिला और दरवाजे का लॉक भी खुला पड़ा था। घर के अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी खुली हुई मिली। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई। नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर पीड़ित प्रदीप जैन ने बताया कि चोर घर से करीब पांच लाख रुपए की नकदी और आठ से दस तोला सोना चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि चोर दो तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चैन, एक सोने का पैंडल, छह जोड़ी सोने के कान के आभूषण और तीन सोने की अंगूठियां अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर में रखे आठ चांदी के सिक्के भी चोरी हो गए। प्रदीप जैन ने बताया कि उनके बेटे के लिए बाइक खरीदनी थी और उनकी बेटी मेकअप आर्टिस्ट का काम करती है, उसके काम से जुड़े पैसे भी घर में रखे हुए थे। इसके अलावा कुछ रकम घर खर्च और अन्य जरूरी कामों के लिए भी रखी गई थी। परिवार का कहना है कि मेहनत की कमाई चोरी हो जाने से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी की वारदात को नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया है। परिवार के अनुसार बदमाश पहले जाली वाला गेट तोड़कर घर के अंदर घुसे और फिर पूरे मकान को खंगाला। घर के अंदर सामान जिस तरह बिखरा पड़ा था, उससे लग रहा था कि चोर काफी देर तक घर के अंदर रहे और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके के लोगों में भी डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि शादी और समारोह के दौरान सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी चोरी की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। सदर थाने के एएसआई जगदीशचंद्र ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।