चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया में ट्रांसफार्मर से करंट लगने से 6 साल के मासूम सुमित बंजारा की मौत के बाद शनिवार को जिला हॉस्पिटल में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। परिजन, बंजारा समाज के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में हॉस्पिटल पहुंच गए और परिवार को उचित मुआवजा व जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनी। इसके बाद मासूम के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। समझौते के तहत बिजली विभाग, विधायक मद और विभाग के ठेकेदार की ओर से कुल 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, सरकारी योजनाओं का लाभ और मृतक के पिता को संविदा पर नौकरी देने पर सहमति बनी। खुले तारों से आया था मासूम को करंट शनिवार सुबह से जिला हॉस्पिटल में बड़ी संख्या में समाजजन और मोहल्लेवासी जमा हो गए। पार्षद दिनेश गवारिया, समाज के पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने परिवार के लिए आर्थिक सहायता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग रखी। पार्षद दिनेश गवारिया ने बताया कि वार्ड नंबर छह की गली नंबर दो में ट्रांसफार्मर के नीचे लगे बॉक्स के खुले तारों की वजह से मासूम करंट की चपेट में आया। उन्होंने कहा कि समाज और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अधिकारियों से बातचीत हुई, जिसके बाद सहमति बनी और पोस्टमार्टम कराया गया। समझौते के अनुसार बिजली विभाग की ओर से 5 लाख रुपए, विधायक मद से 2 लाख रुपए और विभाग के ठेकेदार की ओर से 4 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। साथ ही परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और मृतक के पिता को संविदा पर नौकरी देने पर भी सहमति बनी। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव रवाना किया गया। खेलते समय हुआ हादसा मूल रूप से जवासिया निवासी और वर्तमान में चंदेरिया के एफसीआई गोदाम के पीछे रहने वाला छह वर्षीय सुमित बंजारा शुक्रवार शाम अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह गली नंबर-2 में लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट का झटका इतना तेज था कि उसका पैर बुरी तरह झुलस गया। परिजन तुरंत उसे जिला सांवलियाजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सुमित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सरकारी स्कूल में एलकेजी का छात्र था। उसके पिता मुकेश बंजारा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुमित तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शुरू की जांच, लोगों ने कार्रवाई की मांग उठाई घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और चंदेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के फ्यूज बॉक्स खुले थे और तार लटक रहे थे, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। शनिवार को हॉस्पिटल में पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।