जयपुर पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर के ब्लाइंड मर्डर का महज 24 घंटे में खुलासा किया है। आरोपियों ने Uber ऐप से टैक्सी बुक कर ड्राइवर को सुनसान इलाके में बुलाया, फिर रस्सी से गला घोंटकर और चाकू से ताबड़तोड़ हमले करके उसकी हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी शव को चेतन डूंगरी के पास फेंककर टैक्सी लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पूरी प्लानिंग की थी। उन्होंने पहले ही Blinkit ऐप से रस्सी और विद्याधर नगर क्षेत्र से दो चाकू खरीदे थे। अब समझिए ब्लाइंड मर्डर की पूरी कहानी… 22 जुलाई को मिला था शव डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- 22 जुलाई को चेतन डूंगरी के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले। घटनास्थल से एफएसएल (FSL), डॉग स्क्वायड और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में अहम इनपुट जुटाए। जिससे मृतक की पहचान लखपत कुशवाह (34) निवासी धौलपुर, हाल निवासी विद्याधर नगर, जयपुर के रूप में हुई। वह मारुति सुजुकी अर्टिगा टैक्सी चलाता था। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जांच में सामने आया कि वारदात से पहले टैक्सी Uber ऐप के जरिए बुक की गई थी। Uber से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों सुधांशु जांगिड़ (22) निवासी गोविंद नगर, नाड़ी का फाटक, मुरलीपुरा और सोनू बैरवा (23) निवासी मूलतः बांदीकुई (दौसा), हाल निवासी गणेश नगर, नाड़ी का फाटक, मुरलीपुरा को गिरफ्तार किया है। मौज-मस्ती के लिए बनाई थी लूट और हत्या की योजना हरमाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हाई-प्रोफाइल जीवनशैली और मौज-मस्ती के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी कारण उन्होंने टैक्सी लूटने की योजना बनाई। 20 जुलाई को भी उन्होंने टैक्सी बुक की थी, लेकिन बारिश के कारण वारदात नहीं कर सके। इसके बाद 21 जुलाई की रात करीब दो बजे Uber से टैक्सी बुक कर चालक को सुनसान स्थान पर ले गए। वहां पहले रस्सी से गला घोंटा और फिर चाकू से कई वार कर हत्या कर दी। शव को चेतन डूंगरी के पास फेंकने के बाद टैक्सी लेकर दौसा की ओर फरार हो गए। 24 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच, Uber से प्राप्त बुकिंग डिटेल, एफएसएल रिपोर्ट और मुखबिर तंत्र की मदद से जयपुर पश्चिम पुलिस ने महज 24 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से लूटी गई टैक्सी और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।