ऑनलाइन शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से 21 लाख 83 हजार 497 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पहले छोटे निवेश पर प्रॉफिट दिखाकर भरोसा जीता और फिर लगातार अलग-अलग बैंक खातों और QR कोड के जरिए बड़ी रकम निवेश करवाई। जब युवक ने पैसा निकालने की कोशिश की तो उसका प्रॉफिट डिलीट कर आईडी बंद कर दी गई। दोस्त के जरिए शुरू हुआ जाल, WhatsApp लिंक से बना अकाउंट निंबाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय युवक जगबन्धन धाकड़ के अनुसार वर्ष 2023 में उसके एक दोस्त ने उसे ऑनलाइन निवेश साइट के बारे में बताया था। इसके बाद WhatsApp पर एक लिंक भेजा गया, जिसे खोलकर उसने आधार और पैन कार्ड अपलोड कर अकाउंट बनाया। शुरुआत में 500 रुपए निवेश पर 600 रुपए का प्रॉफिट दिखाया गया, जिससे उसे भरोसा हो गया। बार-बार निवेश कराता रहा ठग, दिखाता रहा बढ़ता प्रॉफिट पहली बार पैसा निकालने पर ट्रांजेक्शन फेल हुआ, जिसके बाद चैट बॉक्स के जरिए उसे और निवेश करने पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद युवक ने अलग-अलग अकाउंट और QR कोड पर लगातार पैसे जमा कराए। 26 जनवरी 2024 को उसने 31 हजार रुपए निकाले भी थे, जिससे उसका भरोसा और बढ़ गया। 19 लाख से ज्यादा पहले जमा, बाद में और 12 लाख का निवेश रिपोर्ट के अनुसार युवक से अलग-अलग तारीखों में कुल 19 लाख 15 हजार 453 रुपए निवेश करवाए गए। इसके बाद 16 अप्रैल 2026 से 3 मई 2026 के बीच उसने प्रॉफिट निकालने के नाम पर करीब 12 लाख रुपए और जमा कर दिए। विड्रोल रिक्वेस्ट के बाद आईडी बंद, प्रॉफिट डिलीट जब युवक ने अपनी राशि निकालने के लिए विड्रोल रिक्वेस्ट भेजी तो साइट पर दिख रहा पूरा प्रॉफिट डिलीट कर दिया गया और उसकी आईडी भी बंद कर दी गई। इसके बाद उसे साइबर फ्रॉड का एहसास हुआ। साइबर थाने में मामला दर्ज, जांच शुरू पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जीरो एफआईआर के जरिए मामला साइबर थाना चित्तौड़गढ़ को भेजा गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।